Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

एनआईटी के उत्कृष्ट छात्रों को निदेशक ने किया सम्मानित

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड (एनआईटीयूके) के प्रभारी निदेशक प्रो के के शुक्ल ने एनआईटी के श्रीनगर और सुमाड़ी परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों से मिलकर संस्थान में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सौजन्य से बृहस्पतिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा, खेल, नवाचार, और उद्यमिता जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनआईटी के छात्रों को इकत्तीस हजार रूपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा राजनंदिनी मेहता को अकादमिक क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र सत्यव्रत को खेल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए और बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के छात्र बृजेश डंगवाल को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के रूप में यह पुरस्कार दिया गया। निदेशक प्रो शुक्ल ने सम्मानित होने वाले छात्रों को बधाई दी। साथ ही व्यक्तिगत विकास और सफलता के शिखर पर पहुंचने के लिए समर्पण, कड़ी मेहनत, विनम्र आचरण आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने का सन्देश दिया। प्रो शुक्ल ने छात्रों का मनोबल बढ़ाने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों की सराहना की।