Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल के द्वितीय दिवस में साहित्य, संस्कृति व इतिहास चर्चाओं के साथ हुए अनेकों कार्यक्रम


अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी के ऐतिहासिक मल्ला महल में अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल के द्वितीय दिवस में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने साहित्य, संस्कृति व इतिहास व पर्यावरण से जुड़ी चर्चाएं की। कार्यक्रम में बाहर से आए मेहमानों के समक्ष पहाड़ का मशहूर ‘छोलिया नृत्य’ भी प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक नगरी के ऐतिहासिक मल्ला महल में चल रहे अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह उमेश कबीर द्वारा कबीर पर अपना प्रस्तुतीकरण दिया। तत्पश्चात अवार्ड सेरेमनी कार्यक्रम में रमोला बुटालिया, सुनीता पंत बंसल, विट्ठल सी नादकर्णी, प्रो. त्रिलोचन शास्त्री, राजीव मैकुलन व लैन पिंटो को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अगली श्रृंखला में ‘महाभारत: धर्म और धर्म संकट’ विषय पर प्रो. पुरुषोत्तम अग्रवाल की डॉ दीपा गुप्ता के साथ चर्चा हुई। इसके बाद ‘कंजर्विंग व्यूइल्ट हैरिटेज’ विषय पर प्रो. अनिल जोशी व प्रो. निर्मल कुमार की वार्ता का प्रस्तुतीकरण हुआ। इसके अलावा दिनभर में अलग-अलग सत्रों के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम के तहत “एक बहुमुखी हिंदी साहित्यकार” लेखक अशोक पांडेय के विचारों को जनता ने प्रो. एसए हामिद के साथ सुना। ‘भोजन एवं संस्कृति’ पहाड़ी कहानी पर डॉ सुमन सहाय, प्राची रतूड़ी व प्रवीण साह की हिना गुजराल, ‘कहानी और हमारा रिश्ता’ विषय पर महेश दर्पण व प्रभात रंजन की दिनेश कांडपाल, ‘कितनी हकीकत कितना फसाना’ शीर्षक पर प्रियदर्शन व प्रमोद जोशी की कंचन पंत, ‘कविताघर’ शीर्षक पर कृष्णा कल्पित, श्रीश मौर्य व प्रो. विवेक सचदेवा की प्रतिभा कटियार के साथ चर्चा हुई और इन सभी चर्चाओं का प्रस्तुतीकरण हुआ। दोपहर रंगारंग कार्यक्रमों की श्रृंखला में लोक कलाकार चन्दन बोरा व उनकी टीम ने छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया। पुस्तक समीक्षा में गौतम भाटिया व सुनीता पंत बंसल की राकेश बिष्ट से चर्चा हुई। इसके बाद सिनेमा पर दिवाकर बनर्जी ने समीक्षा प्रस्तुत की। फेस्टिवल में फोटो प्रदर्शनी मेले में अपनी अलग छाप छोड़ रही है। जहां इतिहास, प्रकृति व संस्कृति प्रेमी प्रदर्शनी में लगे चित्रों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य आयोजकों/ संचालकों में ग्रीन हिल ट्रस्ट की सचिव एवं संयोजक डॉ वसुधा पंत, भूपेंद्र सिंह वल्दिया, मनमोहन चौधरी, जयमित्र बिष्ट,  विनायक पंत, दीपा गुप्ता, प्रो हामिद, मनोज गुप्ता, विनोद तिवारी व रश्मि सेलवाल आदि कई लोग शामिल रहे।