बागेश्वर
नगर पालिका परिषद बागेश्वर में आज चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग बागेश्वर एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में एक बृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम ने भाग लिया।
मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से प्राचार्य डॉ. सी. पी. भेसोड़ा के नेतृत्व में जनरल मेडिसिन के डॉ. अशोक कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय आर्य, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेश भंडारी, दंत चिकित्सक डॉ. अनिल पांडे एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मृति खेतवाल ने शिविर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में कुल 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान हृदय रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, मधुमेह एवं बालरोग से संबंधित रोगियों का उपचार किया गया और उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी/नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद सिंह जंगपांगी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनपद के कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), फार्मेसी अधिकारी एवं विभाग के अन्य कार्मिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
यह स्वास्थ्य शिविर आमजन को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।


