Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर दिया जोर

1001600623

अल्मोड़ा। उत्तराखंड शासन के अपर सचिव प्रकाश चंद्र ने जनपद भ्रमण के दौरान विकास भवन सभागार में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा प्रमुख ध्वजवाहक कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। अपर सचिव ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्यटन से जुड़ी संभावनाओं की पहचान कर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित हो सकें। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा के दौरान अपर सचिव ने स्पष्ट किया कि पेंशन योजनाओं सहित अन्य लाभकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। इसके लिए पात्रता की जांच, आवेदन प्रक्रिया और लाभ वितरण व्यवस्था को सरल व सुचारू बनाने के निर्देश दिए गए। ग्राम्य विकास की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अधिक से अधिक योजनाओं को धरातल पर उतारने और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया। जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को लेकर उन्होंने गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने जनपद में योजनाओं की वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन के दौरान सामने आ रही समस्याओं से अवगत कराया। इस पर अपर सचिव ने आश्वासन दिया कि जनपद स्तर की समस्याओं को उच्च स्तर पर रखते हुए उनके समाधान के प्रयास किए जाएंगे। समीक्षा बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण के एन तिवारी, जिला विकास अधिकारी एस. के. पंत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।