Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कबाड़ के नाम पर की जा रही थी गांजा तस्करी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love


अल्मोड़ा। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पिकअप वाहन से गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.58 लाख रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के के निर्देश पर सल्ट थाना प्रभारी कश्मीर सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास एक पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन चालक ने उसमें कबाड़ भरा होने की जानकारी दी, लेकिन तलाशी लेने पर एक कट्टे में गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार तीनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ग्राम घनियाल से रामनगर ले जा रहे थे और उसे ऊंचे दामों में बेचने की योजना थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सल्ट थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पिकअप वाहन को सीज कर लिया है। पुलिस टीम अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोतों की जानकारी जुटाने में लगी है। गिरफ्तार आरोपियों में गुलजार (19) पुत्र अफसर अली निवासी टांडा, थाना रामनगर, जिला नैनीताल, नासिर हुसैन(39) पुत्र मजर हुसैन निवासी पूछड़ी, थाना रामनगर, जिला नैनीताल और मोहम्मद आजम(25) पुत्र निजामुद्दीन निवासी ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार नासिर हुसैन के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उप निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल राकेश खेतवाल और कांस्टेबल रविंद्र कंबोज शामिल रहे।