Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Spread the love


अल्मोड़ा। भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जागेश्वर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट और सोमेश्वर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू भट्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निर्वाचन प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय होना आवश्यक है। निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों की ओर से समय-समय पर उठाए जा रहे सवालों का उचित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए, ताकि जनता का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बना रहे। कांग्रेस ने मांग की कि भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित उठाए गए प्रश्नों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। मतदाता सूची में संशोधन या नाम हटाने की प्रक्रिया में मतदाता को उचित सूचना एवं सुनवाई का अवसर दिया जाए तथा मतदाता सूची तैयार करने और संशोधित करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों की निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों और आपत्तियों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की गई कि इन विषयों का संज्ञान लेते हुए संबंधित संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाए। कार्यक्रम में किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष दीवान राम, नरेंद्र बनोला, कैलाश आर्य, कुंदन रौतेला, विजय सेजरी, प्रकाश खाती, गणेश बजेटा, सुरेश बोरा, ख्याली राम, केशर सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *