Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ऋषिकेश में यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

ऋषिकेश (आरएनएस)। पुलिस ने यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मामले में आरोप है कि वर्ष 2021 से आरोपियों ने उसे डराकर-धमकाकर और नशीला पदार्थ देकर कई बार दुष्कर्म किया। आरोपियों ने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर उसे ब्लैकमेल किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला को विभिन्न होटलों और फार्महाउसों में ले जाकर वारदात को अंजाम देते थे।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले महिला का विश्वास जीता और बाद में उसे अपने जाल में फंसा लिया। कई बार उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि महिला और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया जाता रहा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में पीड़िता के पति की भूमिका भी संदिग्ध पाई जा रही है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि कहीं इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं। पुलिस को आशंका है कि यह मामला लंबे समय से चल रहे सुनियोजित शोषण से जुड़ा हो सकता है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 342 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है।