Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रुद्रपुर को मिलेंगी 100 करोड़ की विकास योजनाएं : मेयर

Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)। मेयर विकास शर्मा ने अपने कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को जनभागीदारी, विकास और सांस्कृतिक समन्वय का अद्वितीय उत्सव बताया है। 14 से शुरू होकर 23 फरवरी तक चलने वाले इस दस दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जो 100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मेयर शर्मा ने बताया कि गांधी पार्क में 14 से 23 फरवरी तक यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेला आयोजित होगा। मुख्यमंत्री धामी 14 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे त्रिशूल चौक पहुंचकर भव्य त्रिशूल का लोकार्पण करेंगे। यह त्रिशूल आस्था का प्रतीक होने के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों का स्वागत एवं सम्मान भी करेंगे। इसके बाद उनके सानिध्य में त्रिशूल चौक से विशाल शिव बारात निकाली जाएगी। तत्पश्चात गांधी पार्क में यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। शाम को श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित विशाल शिव जागरण का भी शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, अनिल चौहान, राकेश सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। 150 से अधिक स्टॉल लगेंगे सरस मेले में मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को स्थान मिलेगा। 25 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों को निशुल्क दिए जाएंगे। नगर निगम ‘शी मार्ट’ स्थापित करने और ‘हिमालयाज’ की तर्ज पर कुमाऊं क्षेत्र का विशिष्ट ब्रांड विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। नगर निगम बढ़ाएगा जनसुविधाएं मेयर ने बताया कि 1.79 करोड़ रुपये से वेडिंग जोन-2 का निर्माण, 50 लाख से स्ट्रीट लाइटें, 7.5 करोड़ से सीएसआर के तहत बजाज सखी स्किल केंद्र, 24 लाख से डमरू चौक का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम शव वाहन व अतिक्रमण विरोधी अभियान के लिए वाहन खरीदेगा। विभिन्न वार्डों में ओपन जिम और झूले लगाए जाएंगे।