Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सड़क सुरक्षा माह के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने निकाली जागरूकता बाइक रैली

1001600623

अल्मोड़ा। 36वें सड़क सुरक्षा माह के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने सोमवार को नगर क्षेत्र में जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया। रैली का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों में यातायात अनुशासन विकसित करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करना रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने रघुनाथ सिटी मॉल में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रघुनाथ सिटी मॉल से शुरू होकर मॉल रोड, टैक्सी स्टैंड, लिंक रोड, लोअर माल रोड, बेस तिराहा और करबला होते हुए वापस रघुनाथ सिटी मॉल पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान लोगों को मानक हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, तेज गति और नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, यातायात संकेतों और सड़क नियमों का पालन करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा ओवरटेकिंग के नियमों का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने, दुर्घटना की स्थिति में घायलों को त्वरित सहायता पहुंचाने और वाहनों के वैध दस्तावेज साथ रखने का भी संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक गोपाल दत्त जोशी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेन्द्र कुंवर, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रश्मि भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चन्द्र, प्रभारी निरीक्षक यातायात दरबान सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय, प्रभारी महिला कोतवाली जानकी भण्डारी, प्रभारी इंटरसेप्टर सुमित पाण्डे सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।