Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

स्कॉर्पियो वाहन खाई में गिरा, दो घायल

Spread the love

अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र में पच्चीसी के पास शुक्रवार को एक स्कॉर्पियो वाहन खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौसानी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके 01 टीए 3561 अचानक अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिर गया। डायल 112 के माध्यम से गुरुवार शुक्रवार मध्य रात्रि करीब 1:05 बजे घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी पुलिस बल और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक और उसके साथी को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौसानी भेज दिया था। घायलों की पहचान राजेंद्र (32 वर्ष) पुत्र बहादुर राम निवासी छानी सोमेश्वर तथा प्रकाश (32 वर्ष) पुत्र प्रताप राम निवासी रनमन, थाना सोमेश्वर के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने वाहन में अन्य किसी व्यक्ति के होने की संभावना को देखते हुए सर्च अभियान चलाया, लेकिन मौके पर कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। फ़िलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।