Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

शादी का दबाव बनाने के लिए युवती का अपहरण, विरोध पर सिर फोड़ा

1001600623

हल्द्वानी (आरएनएस)। वनभूलपुरा क्षेत्र में एक युवक द्वारा शादी का दबाव बनाने के लिए युवती के अपहरण और उस पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपी युवक युवती को जबरन गौला नदी की ओर ले गया, जहां विरोध करने पर उसने पत्थरों से सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। घायल अवस्था में युवती किसी तरह जान बचाकर घर पहुंची।

पीड़िता की दादी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। तहरीर में बताया गया कि जवाहर नगर, वनभूलपुरा निवासी अन्ना नाम का युवक लंबे समय से उनकी पोती को परेशान कर रहा था। युवती जब भी किसी काम से घर से बाहर निकलती, आरोपी उसका पीछा करता और शादी करने का दबाव बनाता था। आरोप है कि रास्ते में वह अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ भी करता था।

दादी के अनुसार, बीते शनिवार को उनकी पोती दुकान से सामान लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और जबरन अपने साथ गौला नदी की ओर ले गया। वहां उसने शादी करने का दबाव बनाया। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने पत्थरों से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती किसी तरह भागकर घर पहुंची, जिसके बाद परिजन उसे बेस अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज कराया गया।

वनभूलपुरा थाना प्रभारी डीएस फत्र्याल ने बताया कि आरोपी अन्ना के खिलाफ छेड़छाड़, अपहरण सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।