Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

द्वाराहाट में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश

Spread the love


अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की पहल पर बुधवार को द्वाराहाट क्षेत्र में विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में ‘सुरक्षित दवा–सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत की गई। निरीक्षण टीम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शचि शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट के स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर कमलेश पाण्डे शामिल रहे। टीम ने मेडिकल स्टोरों में दवाइयों की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कई स्टोरों में अनियमितताएं पाई गईं। सात मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी करते हुए सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। एक मेडिकल स्टोर में रेफ्रिजरेटर बंद मिलने और अन्य खामियों के चलते उसके लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई है। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ दुकानों में एक्सपायरी दवाइयों के लिए निर्धारित बॉक्स सही तरीके से नहीं बनाए गए थे, कैश मेमो का संधारण नहीं किया जा रहा था और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं कराई गई। दवाइयों के रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिसे जनस्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण बताया गया। टीम ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए कि वे सभी ग्राहकों को अनिवार्य रूप से बिल उपलब्ध कराएं, एक्सपायरी दवाइयों का नियमानुसार पृथक भंडारण सुनिश्चित करें, कैश मेमो का नियमित संधारण करें और स्वच्छता व दवा भंडारण के मानकों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *