Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

टेंट हाउस में आग से मचा हड़कंप, 30 हजार लीटर पानी की बौछार से बुझाई गईं लपटें

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में मंगलवार आधी रात एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी ऊंची लपटें आसपास के रिहायशी मकानों तक पहुंची। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और करीब 30 हजार लीटर पानी की मदद से भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रताप मार्ग स्थित नरेन्द्र टेंट हाउस (मालिक नरेन्द्र कुमार) के खाली प्लॉट में टेंट और शामियाने का भारी मात्रा में सामान रखा हुआ था। अचानक वहां आग सुलग उठी। सिटी कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हुई। फायर स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक टेंट हाउस में लकड़ी की फोल्डिंग टेबल, बर्तन, भट्टियां, मेट और रजाई-गद्दे भारी मात्रा में रखे थे। इन ज्वलनशील सामानों के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें बगल के मकानों की तरफ बढ़ने लगीं, जिससे घरों में सो रहे लोग दहशत में बाहर निकल आए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि देर रात जैसे ही आग की सूचना मिली, हमारी यूनिट तुरंत मौके पर पहुँच गई थी। आग टेंट के सामान में होने के कारण तेजी से फैली थी। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के घरों तक पहुँचने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, नुकसान का आकलन किया जा रहा है। छह गाड़ियों और रिले पंपिंग का सहारा आग की भयावहता को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने रिले पंपिंग तकनीक का इस्तेमाल किया। एक डिलीवरी होज पाइप और दो होजरील के जरिए आग को चारों तरफ से घेरा गया। काफी संघर्ष के बाद आग को रिहायशी इलाके में फैलने से रोका गया।