Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

महिला कोतवाली की टीम ने पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों को किया जागरूक

Spread the love


अल्मोड़ा। जनपद में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत महिला कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान अल्मोड़ा में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। महिला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जानकी भण्डारी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और स्टाफ को विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने पोक्सो अधिनियम, नए आपराधिक कानूनों में महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधान, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी। इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए युवाओं को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और नशे से संबंधित सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 शामिल हैं। इस दौरान छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रारंभिक उपाय भी बताए गए और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।