Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

तुषार गेट से राजेंद्र नगर मार्ग पर जलभराव, राहगीरों का निकलना दूभर

Spread the love

रुड़की(आरएनएस)। प्रेमनगर स्थित तुषार गेट से लिथो प्रेस कॉलोनी के बराबर से राजेंद्र नगर जाने वाला मार्ग इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। नाला चोक होने के कारण सड़क पर पानी भर गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि सड़क कई जगह तालाब जैसी दिखाई दे रही है और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ माह पहले तुषार गेट पर नाले की पुलिया का निर्माण कराया गया था। यह पुलिया पानी की निकासी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन निर्माण के बाद से स्थिति सुधरने के बजाय और बिगड़ गई है। लोगों का आरोप है कि पुलिया बनने के बाद नाले का बहाव प्रभावित हो गया, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। क्षेत्र निवासी दिनेश कुमार, धीरेन्द्र सिंह, विपुल कुमार और निखिल सैनी ने बताया कि जलभराव के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई बार लोग फिसलने से भी बाल-बाल बच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नाले की सफाई कर जलनिकासी व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। नगर निगम के नगर आयुक्त राकेश चंद तिवारी का कहना है कि नालों की सफाई का काम शुरू करा दिया गया है।