Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में दो महिलाओं का सम्मान


अल्मोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की महिला शाखा की ओर से मिलम इन होटल के सभागार में ‘साधारण महिलाएं, असाधारण अनुभव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज में संघर्षरत महिलाओं के अनुभवों को साझा करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने कहा कि घर, परिवार, समाज और व्यवस्था से संघर्ष करने वाली महिलाओं के अनुभवों को सुनना समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे कार्यक्रम संघर्षशील महिलाओं की वास्तविक कहानियों को सामने लाकर समाज को संवेदनशील और जागरूक बनाते हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार और ‘रीजनल रिपोर्टर’ की संपादक गंगा असनौड़ा थपलियाल तथा महिला एकता मंच की सक्रिय कार्यकर्ता ललिता रावत (रामनगर) को सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में गंगा असनौड़ा थपलियाल ने कहा कि उन्हें अपने पिता से प्रेरणा और आत्मबल मिला, जिसके सहारे उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी संघर्ष करते हुए जनपक्षधर पत्रकारिता को आगे बढ़ाया। ललिता रावत ने कहा कि महिलाएं देवी नहीं बल्कि बदलाव की वाहक हैं और समाज में परिवर्तन सभी के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है। कार्यक्रम का संचालन कृषि वैज्ञानिक ममता जोशी ने किया। कार्यक्रम में भारती, साक्षी, आनन्दी वर्मा, गोविन्द लाल वर्मा और चंद्रमणि भट्ट, किरण, रेनू, भारती, गोपाल, पान बोरा, डॉ. दानू, जे.सी., लता कांडपाल, प्रकाश जोशी सहित विभिन्न सामाजिक और श्रमिक संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।