APNA UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की आवाज

राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित हुए विविध कार्यक्रम


अल्मोड़ा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने जनपद वासियों को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आज से हमारा उत्तराखंड राज्य पच्चीसवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। बीते चौबीस वर्षों में राज्य एवं जनपद में अनेक कार्य हुए। लेकिन हमें यहीं नहीं रुकना है। हमें अपने जनपद को आगे ले जाना है। इसके लिए पर्यावरण, सामाजिक, नैतिक एवं आर्थिक विकास के लिए हम सभी की भागीदारी होना जरूरी है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह नगर के चौघानपाटा से क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया जिसको जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। क्रॉस कंट्री दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले बालक एवं बालिकाओं को जिलाधिकारी ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर प्रातः 8 बजे से प्रभात फेरी का भी आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी नंदादेवी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए चौघानपाटा तक आयोजित हुई। इसमें स्कूली बच्चों एवं नगर के संभ्रांत नागरिकों ने प्रतिभाग कर राज्य स्थापना दिवस मनाया। तत्पश्चात जिलाधिकारी एवं नगर के अन्य जनप्रतिनिधियों तथा संभ्रांत नागरिकों ने शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय बालिका सदन बख में आयोजित हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी, प्रदेश उपाध्यक्ष बीजेपी कैलाश शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने राज्य स्थापना दिवस पर जनपद वासियों को बचाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान पशुपालन विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के 50 लाभार्थियों को लगभग 19 लाख रुपए के चेक वितरित किए गए। बीते करवा चौथ के अवसर पर नगर के 5 स्थानों पर आयोजित हुई मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी विजय राशि वितरित की गई। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने मंगलदीप विद्यालय खत्याड़ी में पहुंचकर दिव्यांग बच्चों को फल एवं मिष्ठान्न वितरण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने यहां बच्चों द्वारा किए जाने वाली गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उनकी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *