Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मजबूर युवती से देह व्यापार कराने पर दो आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज

रुद्रपुर(आरएनएस)।  रोजगार के लिए भटक रही युवती की मजबूरी का फायदा उठाकर दो महिलाओं ने उसे देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया। परेशान होकर युवती ने पुलिस को तहरीर देकर दोनों महिलाओं पर शोषण करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिला नैनीताल की एक बीस वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि उसके बचपन में ही माता-पिता का स्वर्गवास हो गया था। वह अपने रिश्तेदारों के साथ रहती थी। दो वर्ष पूर्व वह नौकरी तलाश में रिश्तेदारों का घर छोड़कर किच्छा आ गई। यहां उसकी मुलाकात रेलवे फाटक पर छाया पत्नी संजय निवासी सैनिक कॉलोनी बंडिया से हुई। छाया ने युवती को नौकरी दिलाने का भरोसा देते हुए अपने घर में रख लिया। आरोप है कि युवती की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसे देह व्यापार में धकेल दिया और अलग- अलग स्थानों पर ले जाकर देह व्यापार कराने लगी। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। एक दिन छाया के घर उसकी मुलाकात सेजल गुप्ता निवासी रुद्रपुर से हुई। सेजल गुप्ता उसे अपने विश्वास में लेकर अपने घर रुद्रपुर ले गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सेजल गुप्ता ने भी उससे देह व्यापार कराना शुरू कर दिया। लगातार शोषण से वह परेशान हो गई। इसके बाद पुलिस के पास पहुंची। किच्छा कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया युवती की तहरीर पर आरोपी महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।