Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

गुलदार ने महिला पर किया हमला

Spread the love


अल्मोड़ा। जनपद के ताड़ीखेत विकासखण्ड अंतर्गत सिंगोली गांव में खेत मे घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। परिवार व ग्रामीण द्वारा महिला को राजकीय चिकित्सालय रानीखेत में भर्ती कराया गया‌ है। जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि घायल महिला के सिर मे चोट लगी है, जिसमें लगभग 12 टांके लगे हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे ताड़ीखेत विकास खंड अंतर्गत ग्राम सिंगोली में खेत में घास काट रही कमला देवी (65वर्ष) पत्नी स्व मोहन सिंह को गुलदार ने हमला कर बुरी तरह ज़ख़्मी कर दिया। शोर मचाने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। घायल महिला को यहाँ गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
कमला देवी के पुत्र नन्दन सिंह ने कहा कि सुबह 8 बजे वह अपनी गायों को चराने के लिए जंगल ले गया था। 9:30 बजे करीब उनकी माँ घास काटने के लिए वहाँ आई थी। उस समय बाघ ने उन पर हमला कर दिया। उनके पूरे चेहरे और शरीर पर बाघ के पंजों के निशान हैं। अपने बचाव में उन्होंने बाघ के पंजे पर दराती से हमला कर दिया और शोर मचाया तो गुलदार वहाँ से भाग गया।  
रेंजर तापस मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इलाके में गश्त की गई। पिंजरा लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है, घायल को हर संभव सहयोग मिलेगा। सामाजिक कार्यकर्ता पद्मसम्भव सिंह परमार ने गुलदार पकड़ने को पिंजरा लगाने और घायल महिला कमला देवी के इलाज के लिए अतिशीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।