Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

एनएसएस स्वयंसेवियों ने रैली निकालकर दिया नशामुक्ति का संदेश

Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)। पीजी कॉलेज साहिया की एनएसएस इकाइयों ने नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकालकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली का आयोजन विकासनगर एथलेटिक्स क्लब की ओर से आयोजित 185 किलोमीटर लंबी देहरादून-हनोल रिले रेस के साथ किया गया। इस दौरान महाविद्यालय की ओर से रिले रेस के धावकों को सम्मानित किया गया। क्लब के वरिष्ठ धावक प्रभजोत सिंह ने विद्यार्थियों को खेलकूद से जुड़कर भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रिंकूदास भारती ने स्वयंसेवियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर विकृति है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। रैली में शिलगुर एकेडमी, एलडी मेमोरियल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज साहिया और अटल उत्कृष्ट जौनसार-बावर इंटर कॉलेज साहिया के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रवि कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और एनएसएस स्वयंसेवी मौजूद रहे।

चकराता में भी हुआ रिले रेस का स्वागत: रिले रेस के चकराता पहुंचने पर स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल ने धावकों का स्वागत किया। क्लब के संस्थापक प्रभजोत सिंह ने कैंट इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। क्लब की ओर से व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर सिंह चौहान और कैंट इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वेद प्रकाश को धन्यवाद पत्र भी सौंपा गया। इस दौरान छावनी परिषद सदस्य अनिल चांदना, व्यापार मंडल सचिव रवीश अरोड़ा, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार मेहता, सेवानिवृत्त कैप्टन चेतन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।