देहरादून(आरएनएस)। बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय स्कूली छात्रा से लगातार छेड़छाड़ और सोशल मीडिया पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ बसंत विहार अमित शर्मा ने बताया कि पीड़िता थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में 9वीं कक्षा की छात्रा है। आरोप है कि अर्श अहमद निवासी लक्खीबाग पिछले डेढ़ साल से स्कूल जाते समय रास्ते में छात्रा को रोककर अश्लील हरकतें करता और लगातार उसका पीछा करता था। मनचले ने छात्रा को इंस्टाग्राम पर प्रेम प्रसंग के संदेश भेजने शुरू कर दिए और उसकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर स्टोरी लगाने लगा।14 सितंबर को आरोपी ने छात्रा की फोटो के साथ उसे गंदे संदेश भेजे और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से नाबालिग डरी-सहमी हुई है। इसके बाद उसके परिजनों को घटना का पता लगा। तब उसके परिजन बसंत विहार थाने पहुंचे और आपबीती बताई। एसओ शर्मा ने बताया कि आरोपी अर्श के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मनचले ने 15 वर्षीय छात्रा का जीना किया मुहाल, केस दर्ज





