Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

14 से 29 सितम्बर तक जीबी पंत हिमालयी पर्यावरण संस्थान अल्मोड़ा में चलेगा हिन्दी पखवाड़ा



अल्मोड़ा।

गोविन्द बल्लभ पन्त राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल, अल्मोड़ा में 14 सितम्बर को राष्ट्रीय हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा विज्ञान और सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग हेतु ‘राजभाषा प्रतिज्ञा’ ली गई। संस्थान में दिनांक 14 सितम्बर से 29 सितम्बर 2023 तक संस्थान के निदेशक प्रो. सुनील नौटियाल के मार्गदर्शन में ‘राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा’ का आयोजन किया जा रहा है। 15 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक ई. किरीट कुमार ने हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी प्रतिभागियों से राजभाषा हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग कर हिन्दी के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने का आह्वान किया एवं हिन्दी पखवाड़े के अन्तर्गत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने हेतु प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर राजभाषा समिति के सदस्य जगदीश कुमार द्वारा सभी को प्रतिज्ञा दिलवाई गई। वरिष्ठ वैज्ञानिक ई. किरीट कुमार द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि हिन्दी दिवस समारोह-2023 तथा तृतीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन पुणे में किया जा रहा है जिसमें संस्थान के दो कर्मचारी महेश चन्द्र सती तथा विपिन चन्द्र शर्मा द्वारा संस्थान का प्रतिनिधित्व किया जा रहा है। संस्थान के निदेशक प्रो. नौटियाल द्वारा हिन्दी दिवस के अवसर पर संस्थान के समस्त सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है।