Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

छात्रा की मौत पर एनएसयूआई ने लगाया जाम, प्रबंधन पर आरोप

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। डीएवी कालेज में छात्रा की मौत के मामले में तमाम छात्र संगठन उग्र हो गए हैं। शुक्रवार को एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने कालेज के बाहर सड़क पर दिन भर जाम लगाए रखा। साथ ही उन्होंने प्राचार्य के घर के बाहर भी प्रदर्शन किया। वहीं एबीवीपी ने भी दिन भर कालेज गेट धरना दिया। दोनों ही इस घटना के लिए कालेज प्रबंधन को जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्राचार्य को तत्काल पद से निष्कासित किया जाए। इसके अलावा कालेज की सभी कमेटियां व छात्र संघ भंग किए जाएं। ये भी मांग की कि प्राचार्य व रखरखाव प्रभारी पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। मृतक के परिजनों को एक करोड़ रूपये मुआवजा व एक व्यक्ति को योग्यतानुसार नौकरी दी जाए। जाम लगाने वालों में गौरव तोमर,आकिब अहमद, राहुल जग्गी,सिद्धार्थ अग्रवाल, सोनाली नेगी, शोएब अहमद,गोविंद रावत,सौरभ रावत,हरीश जोशी आदि मौजूद रहे। वहीं एबीवीपी ने कालेज गेट पर धरना दिया। महानगर मंत्री उज्ज्वल सेमवाल ने कहा कि इस मामले में दोषियों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। छात्रसंघ अध्यक्ष दयाल बिष्ट ने कहा कि कई बार प्राचार्य को दीवार की मरम्मत को लेकर लिखित व मौखिक रूप से बताया गया। लेकिन उन्होंने नहीं सुनी। ऐसे में वे ही इस हादसे के दोषी हैं। धरने में यशवंत पंवार, सुमित कुमार, हनी सियोदिया, ऋषभ मल्होत्रा, विपिन भट्ट, सागर तोमर, नवदीप राणा, विभाग संगठन मंत्री नागेन्द्र बिष्ट, अमन तोमर सहित कई छात्रनेता मौजूद रहे।