Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

धारानौला बाजार क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से लोग भयभीत

Spread the love


अल्मोड़ा। नगर के धारानौला क्षेत्र की जनता तेंदुए के डर से खौफ में हैं। इन दिनों धारानौला बाजार क्षेत्र के लोग दहशत में हैं, जहां कई रोज से रात तेंदुआ घूमते नजर आ रहा है। यहां तक कि सीसीटीवी कैमरे में भी घनी आबादी में विचरण करते कैद हो चुका है, मगर सूचना के बावजूद वन विभाग जिला मुख्यालय पर भी पिंजरा नहीं लगा सका। धारानौला क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यहां टैक्सी व बस स्टैंड के आसपास कई रोज से एक तेंदुआ रात को विचरण कर रहा है, जो सीसीटीवी कैमरे में भी दिख रहा है, जबकि यह घनी आबादी क्षेत्र है। ऐसे में क्षेत्रवासियों में दहशत है और उन्हें खतरे की आशंका बनी है कि कभी भी किसी पर यह धावा बोल सकता है। इस खतरे से चिंतित क्षेत्र के कई लोगों ने कहा कि समय-समय पर यह तेंदुआ विचरण करते देखा गया है और बार-बार इस बात की लिखित सूचना वन विभाग को दी जा चुकी है। साथ ही अनुरोध किया है कि पिंजरा लगाकर इसे पकड़ा जाए, ताकि क्षेत्र के लोग इसके भय से मुक्त हो सकें। क्षेत्र के मनोज सनवाल, मनोज बिष्ट, दीप जोशी, पूरन, हर्षवर्धन कर्नाटक, राजू जोशी व आनंद सांगा आदि ने कहा है कि वन विभाग ने इस अनुरोध की सुध नहीं ली। अब उन्होंने कहा है कि यदि इस तेंदुए ने किसी को जानमाल की क्षति पहुंचाई, तो इसकी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।