Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

भाजपा संगठन पर्व का पोस्टर लांच, सदस्यता किट जारी

देहरादून(आरएनएस)। भाजपा ने संगठन पर्व के तहत महासंपर्क अभियान को लेकर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को पोस्टर लांच किया है। पार्टी ने सभी बूथों के लिए सदस्यता किट भी जारी की है। भाजपा ने अब तक 2.39 लाख लोगों को नए सिरे से सदस्य बनाया है। बलवीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भट्ट ने कहा कि सदस्यता अभियान के प्रचार प्रसार और इसे गति देने के लिए सदस्यता किट लांच किया गया। कहा कि अभी तक यह अभियान व्यक्तिगत संपर्क से आगे बढ़ाया जा रहा था और बुधवार से एक सप्ताह का महा जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। पार्टी ने तीन सितंबर को सदस्यता अभियान शुरू किया था। इसके तहत विधानसभा एवं मंडल स्तर के लिए निर्धारित अल्पकालीन विस्तारक, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बूथ स्तर पर संपर्क अभियान चलाएंगे। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के कामों से राज्य में लोगों को पार्टी से जुड़ने के लिए जबरदस्त उत्साह है।  उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आम लोगों को पार्टी से जोड़ने के साथ संगठन की विचारधारा और सरकार के कामों को भी प्रचारित प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों तक संपर्क कर संगठन के विचारों एवं सरकार के उपलब्धियां को पहुंचाने का आह्वान किया।  सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश सभी 11729 बूथों पर यह सदस्यता किट भेजी गई है। प्रत्येक किट में केंद्र एवं राज्य सरकार के कामकाज और पार्टी के विचारों से संबंधित प्रपत्र के साथ ऑफलाइन सदस्यता फॉर्म एवं अभियान का स्टीकर भी दिया है। कार्यक्रम में अभियान के प्रदेश सह संयोजक मुकेश कोली, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी के साथ ही कमलेश उनियाल, सुनीता विद्यार्थी कमलेश रमन, विशाल गुप्ता आदि शामिल रहे।

बूथ के 200 परिवारों से होगा संपर्क
कुलदीप कुमार ने बताया कि इस चरण में प्रत्येक बूथ पर कम से कम 200 परिवारों तक संपर्क कर उन्हें सदस्य बनाया जाएगा। इस एक सप्ताह के अभियान में निश्चित किए गए अल्पकालीन विस्तारक सातों दिन क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारियों के साथ मिलकर अभियान को गति देंगे।