Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कर्णप्रयाग में अवैध अतिक्रमण रोकने का चलाया अभियान

Spread the love

चमोली(आरएनएस)।  सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को रोकने के लिए नगर पालिका परिषद और प्रशासन ने शनिवार को कर्णप्रयाग में अभियान चलाया। इस दौरान सुभाषनगर में पैदल पुल के आसपास की सरकारी भूमि की पैमाइश करवाई गई। शनिवार को एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय और पालिका के ईओ नरेंद्र सिंह सुभाषगनर पहुंचे और वहां पार्किंग के लिए जमीन की पैमाइश की। प्रशासन ने सुभाषनगर में सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहे रहे नेपाली मजदूरों को भूमि खाली करने के निर्देश दिए। वहीं, स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया कि नगर में पार्किंग की बड़ी समस्या है। एसे में सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों से सड़कों में जाम लग रहा है। लोगों ने जल्द पार्किंग का निर्माण करने के साथ बाजार में बेसहारा घूम रहे पशुओं और विक्षिप्त व्यक्तियों की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई। अफसरों ने कर्ण मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए भी मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र के पैदल रास्तों और बाजार में नालियों को भी अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। साथ ही दुकान के बाहर सड़क तक सामान रखने वालों का चालान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। बताया कि नगर क्षेत्र के अंतर्गत पैदल रास्तों और सड़क किनारे फुटपाथ को भी खाली कराया जाएगा। जिससे पैदल आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। एडीएम और एसडीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष गणेश शाह, अनुज डिमरी, केपी सती आदि थे।