Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जनता और सामाजिक न्याय की ताकत के सामने भाजपा को झुकना पड़ा : करन माहरा

1001600623

जातिगत जनगणना राहुल गांधी के संकल्प की जीत

देहरादून(आरएनएस)।  केंद्र सरकार के जातिगत जनगणना कराने के निर्णय को कांग्रेस ने राहुल गांधी के संकल्प की जीत बताया। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने गुरुवार को कहा कि जनता और सामाजिक न्याय की ताकत के सामने भाजपा को झुकना पड़ा। अब भाजपा इसे राष्ट्रीय दायित्व समझते हुए आगे बढ़ कर काम करे। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने केंद्र सरकार के जातिगत जनगणना कराने के निर्णय को ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया। कहा कि सरकार का ये फैसला राहुल गांधी की जनसरोकार आधारित राजनीति और सत्य के प्रति प्रतिबद्धता की जीत है। राहुल गांधी ने यह मुद्दा सिर्फ एक नारे के रूप में नहीं, बल्कि देश की संरचना को न्यायपूर्ण और संतुलित बनाने के लिए उठाया।
बार-बार संसद से लेकर सड़क तक यह आवाज बुलंद की। ये सिर्फ एक मांग ही नहीं है, बल्कि देश के बहुजन समाज की आकांक्षा है। वहीं भाजपा ने शुरू में जातिगत जनगणना का खुलकर विरोध किया। इसे ‘विभाजनकारी राजनीति करार दिया। भाजपा अब जनता के दबाव में राहुल गांधी के निरंतर संघर्ष और सामाजिक न्याय की लहर के सामने झुकने को मजबूर हुई है। यह बदलाव एक सत्ताधारी पार्टी की नैतिक हार और जनमत की विजय को दर्शाता है। कहा कि जातिगत जनगणना सिर्फ सामाजिक समीकरण जानने का साधन नहीं है, बल्कि यह नीति निर्धारण, आरक्षण की समीक्षा, संसाधनों का न्यायपूर्ण वितरण और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का आधार है। आज भी देश के कई वर्ग ऐसे हैं, जिन्हें न तो राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिला है। न ही आर्थिक योजनाओं में अपेक्षित भागीदारी है। राहुल गांधी ने न केवल जातिगत जनगणना की मांग की, बल्कि भारत जोड़ो यात्रा और न्याय यात्रा जैसे अभियानों के माध्यम से हर राज्य, हर गांव और हर वर्ग के लोगों से संवाद किया। राजनीतिक विरोध के बावजूद अपनी आवाज को कमजोर नहीं होने दिया। भाजपा चुनावी स्टंट न बनाएं माहरा ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को अब चुनावी स्टंट न बनाएं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, वैज्ञानिक और निष्पक्ष होनी चाहिए। जनता को अब केवल घोषणा ही नहीं, बल्कि प्रभावी क्रियान्वयन और व्यवहारिक परिवर्तन चाहिए। भाजपा को चाहिए कि वह इस मुद्दे को केवल राजनीतिक मजबूरी न समझे, बल्कि इसे एक राष्ट्रीय उत्तरदायित्व मानते सामाजिक न्याय की भावना से प्रेरित होकर ईमानदारी से आगे बढ़े।