Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दिशा की बैठक में हुई केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, आयुष्मान योजना को गति देने के निर्देश

1001600623


अल्मोड़ा। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग) अजय टम्टा ने की। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर निर्देश जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना को लेकर सांसद ने इसे आमजन के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को तेज करने, लाभार्थियों तक योजना का समुचित लाभ पहुंचाने और पैनल में शामिल अस्पतालों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही जिले के अधिक से अधिक अस्पतालों को योजना से जोड़ने पर भी बल दिया। शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालयों की अवस्थिति, छात्रों के सर्वांगीण विकास और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। खनन न्यास निधि से शिक्षा स्वयंसेवकों की नियुक्ति के सकारात्मक परिणामों की जानकारी जिलाधिकारी ने दी, जिसे बैठक में सराहना मिली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय राजमार्गों को लेकर अजय टम्टा ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क किनारे पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और दुर्घटनास्थलों की पहचान कर वहां सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। शहरी विकास योजनाओं के अंतर्गत दीनदयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने और नालों के निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जल जीवन मिशन और हर घर जल योजना की भी समीक्षा की गई, जिन्हें सरकार की मूलभूत सुविधाओं को हर घर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया। बैठक में विधायक प्रमोद नैलवाल, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, डीएफओ दीपक सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. सी. पंत, जिला विकास अधिकारी एस. के. पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी आराधना त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।