Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

भाजपा को एक और झटका, गोपाल सिंह बिष्ट सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

Spread the love


अल्मोड़ा। पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को भनोली में आयोजित पूर्व सैनिक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मान समारोह के दौरान भाजपा को तगड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ नेता गोपाल सिंह बिष्ट ने अपने लगभग पांच सौ समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने फूलमालाएं पहनाकर सभी का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को लगातार गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लूट-खसोट चरम पर है और सरकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को टालने के प्रयासों में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में न तो पारदर्शिता है और न ही जवाबदेही। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश में जो भ्रष्टाचार हुआ है, वह एक रेकॉर्ड बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के भरोसे और विकास की भावना से काम करती रही है और भविष्य में भी करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस हर गांव और हर जनपद में सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, ललित जोशी, महेंद्र मेर, पीतांबर पांडे, आनंद रावत, प्रशांत भैसोड़ा, कमल बिष्ट, प्रताप राम, कालू राम, मनोज रावत, दीवान सिंह भैसोड़ा, दीवान सतवाल, रमेश कांडपाल, पूरन बिष्ट, अंकुर कांडपाल, वीरेन्द्र बिष्ट, गणेश बिष्ट, संजय सिजवाली, हरीश जोशी, कुंदन गैड़ा, नंदा बल्लभ जोशी, गणेश प्रसाद, प्रकाश भारती और महिपाल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।