Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

क्लब में दो गुटों के बीच झड़प के बाद युवक को मारी गोली

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।   राजपुर रोड स्थित डायाब्लो बार एंड रेस्टोरेंट में देररात मामूली विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे युवक को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक बीएससी एग्रिकल्चर का छात्र है। गोली युवक के सिर में फंसी है। पुलिस ने आरोपी को 14 घंटे के बाद मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया है। उधर, घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 19 वर्षीय संभव गुरुंग निवासी अनारवाला अपने दोस्तों के साथ शनिवार रात राजपुर रोड स्थित डायाब्लो बार एंड रेस्टोरेंट में पार्टी करने के लिए गया था। रात करीब 1:30 बजे से 2 बजे के बीच संभव और उसके दोस्तों का बार में मौजूद गौतम अहलावत पुत्र पवन अहलावत निवासी ग्राम साहवली थाना नयी मंडी मुजफ्फरनगर यूपी व उसके दोस्तों से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर बार के सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों को बार से बाहर कर दिया। बार से बाहर निकलने के बाद सड़क पर भी दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान संभव के करीब 10-12 साथी मौके पर पहुंच गए। बताया कि गौतम अपनी कार से पिस्टल निकालकर ले आया और फायर कर दिया। गोली संभव के ऊपरी जबड़े में जा लगी और सिर में फंस गई। इसके बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गया। संभव को उसके दोस्त निशांत और अन्य ने मसूरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।