Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कांग्रेस स्थापना दिवस पर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प

Spread the love


अल्मोड़ा। कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि मौजूदा दौर में जब देश लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और आर्थिक समानता जैसी गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है, तब कांग्रेस की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को जोड़ने और समाज में समरसता बनाए रखने का काम किया है, जबकि वर्तमान में सत्ता में बैठे लोग समाज को बांटने, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनआवाज को दबाने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील पर्वतीय राज्य में बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा की बदहाली जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में तैयार खड़ी है। भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि कांग्रेस का 140 वर्षों का इतिहास त्याग, बलिदान और जनहित के लिए किए गए संघर्षों से भरा रहा है। यह पार्टी किसी व्यक्ति विशेष या सत्ता की लालसा से नहीं, बल्कि संविधान और देश के मूल विचारों की रक्षा की प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर जनता से निरंतर संवाद बनाए रखें, भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें और कांग्रेस की जनकल्याणकारी सोच को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पूरी मजबूती के साथ शुरू कर दी गई है और जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य स्पष्ट है कि उत्तराखंड में एक नई, जवाबदेह और जनकेंद्रित कांग्रेस सरकार बनाई जाए। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस स्थापना दिवस संघर्ष, साहस और सच्चाई के रास्ते पर डटे रहने की प्रेरणा देता है और यही संकल्प आने वाली राजनीतिक लड़ाई में पार्टी को विजय दिलाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज, सेवादल अध्यक्ष दिनेश नेगी, महानगर अध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, जिला महामंत्री दिनेश पिलख्वाल, जिला महामंत्री गीता मेहरा, जिला महामंत्री जया जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन रौतेला, जिला उपाध्यक्ष परितोष जोशी, एन डी पांडे, मनोज विष्ट, आनन्द राम, गोविन्द सिंह मेहरा, किरन आर्या, फ़हीमउद्दीन, देव सिंह कनवाल, कुंदन नेगी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *