Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

तिरंगा थीम की स्ट्रीट लाइट से जगमगाएगी मॉल रोड


अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में अब रात के समय सड़कों पर तिरंगे के रंगों की रोशनी दिखाई देगी। नगर निगम ने शहर की सुंदरता बढ़ाने और पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से तिरंगा थीम की स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना शुरू की है। योजना के तहत नगर की प्रमुख सड़कों पर कुल 700 तिरंगा स्ट्रीट लाइट स्थापित की जाएंगी। नगर निगम के अनुसार पहले चरण में माल रोड पर करबला से पांडेखोला तक करीब पांच लाख रुपये की लागत से 200 तिरंगा स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके बाद अन्य मुख्य सड़कों पर भी चरणबद्ध तरीके से लाइटें स्थापित की जाएंगी। इन लाइटों के लगने से शहर की सड़कें रात के समय तिरंगे के रंगों से रोशन दिखाई देंगी, जिससे पर्यटकों को भी आकर्षित करने की उम्मीद है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक एक तिरंगा स्ट्रीट लाइट की कीमत लगभग 2,500 रुपये है। लाइट लगाने का कार्य संबंधित कंपनी की ओर से चिह्नित स्थानों पर किया जाएगा। प्रत्येक स्ट्रीट लाइट पर दो वर्ष की वारंटी होगी। इस अवधि के दौरान यदि कोई लाइट खराब होती है तो उसे बदलने की जिम्मेदारी कंपनी की होगी। सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह ने बताया कि नगर की मुख्य सड़कों पर 700 तिरंगा स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। पहले चरण में 200 लाइटें स्थापित की जा रही हैं और लाइट लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य अल्मोड़ा आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ शहर की सुंदरता को और बेहतर बनाना है।