Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पार्षद के बेटे पर घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप

रुद्रपुर(आरएनएस)। होली के दिन एक पार्षद के बेटे और उसके साथियों पर घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोपियों पर किशोरी के परिजनों से भी मारपीट करने का आरोप है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम जिला अस्पताल पहुंची रुद्रपुर निवासी एक किशोरी ने बताया कि होली खेलने के बाद वह घर पर मौजूद थी। उसका भाई नहाने गया था, जबकि मां पड़ोस में होली मिलने गई थीं और पिता भी घर से बाहर थे। आरोप है कि इसी दौरान एक पार्षद का बेटा अपने तीन-चार साथियों के साथ जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। इसी बीच उसका भाई वहां पहुंच गया और उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जब उसकी मां और पिता घर पहुंचे तो हमलावरों ने ईंट और धारदार हथियार से वार कर उन्हें भी घायल कर दिया। परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। भीड़ जुटती देख आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार रम्पुरा चौकी पहुंचा और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।