Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सार्वजनिक शौचालय विवाद पर नगर अध्यक्ष का विपक्ष पर हमला


अल्मोड़ा। नगर के मध्य महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद पर नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जो लोग लंबे समय तक सत्ता में रहे, वे आज सवाल उठाने से पहले अपनी जिम्मेदारी तय करें। विनीत बिष्ट ने कहा कि वर्षों तक नगर पालिका और विधायक पद पर रहने के बावजूद यदि महिलाओं के लिए स्थायी शौचालय की व्यवस्था नहीं हो सकी, तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वायरल वीडियो के माध्यम से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने वायरल वीडियो प्रकरण को लेकर कहा कि एक महिला का वीडियो प्रसारित कर पूरे शहर की छवि को धूमिल करना निंदनीय है। उनके अनुसार, इस तरह के प्रयासों से पर्यटन सीजन प्रभावित हो सकता है और स्थानीय व्यापारियों तथा युवाओं की आजीविका पर असर पड़ता है। नगर अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान नगर निगम और मेयर अजय वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर हाईटेक शौचालयों का निर्माण किया गया है और स्वच्छता, सड़क व प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं पर लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर कमी हो सकती है, लेकिन इसके आधार पर पूरे कार्यकाल पर सवाल उठाना उचित नहीं है। विनीत बिष्ट ने कहा कि नगर की जनता विकास कार्यों को देख रही है और नगर निगम महिलाओं की गरिमा व शहर की प्रतिष्ठा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।