Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अमरूद तोड़ने पर बच्ची से बेरहमी, पूर्व सैनिक गिरफ्तार

ऊना (आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बच्ची के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है, जहां अमरूद तोड़ने की बात पर एक पूर्व सैनिक ने उसे घर में बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना बेहड़ाला गांव की है। बच्ची ने रास्ते से गुजरते समय एक घर के बाहर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ लिया था। इसी बात पर आरोपी ने उसे पकड़कर घर के अंदर ले जाकर रस्सी से बांध दिया और मारपीट की। वीडियो में बच्ची मदद की गुहार लगाती नजर आती है, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को छुड़ाया। किसी व्यक्ति द्वारा बनाई गई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर भारतीय न्याय संहिता और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेड़ की शाखाएं सड़क की ओर फैली हुई थीं और बच्ची ने वहीं से फल तोड़ा था।

पुलिस ने कहा कि इस तरह का कृत्य कानूनन अपराध होने के साथ ही मानवीय मूल्यों के भी खिलाफ है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।