Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पंचायतों के 856 रिक्त पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी, 12 अक्टूबर को मतदान

Spread the love


अल्मोड़ा। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अंशुल सिंह द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पंचायत सदस्य के 854, ग्राम प्रधान के एक और क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक रिक्त पद पर उपचुनाव कराया जाएगा। न्यायालय के स्थगन आदेश से बाधित पदों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 30 सितंबर और एक अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जमा किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच तीन अक्टूबर को, नाम वापसी चार अक्टूबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक तथा चुनाव चिह्नों का आवंटन पांच अक्टूबर को किया जाएगा। मतदान 12 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक और मतगणना 14 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों में हवालबाग के 68, धौलादेवी के 57, लमगड़ा के 86, ताकुला के 67, भैंसियाछाना के 37, ताड़ीखेत के 99, चौखुटिया के 64, द्वाराहाट के 90, स्याल्दे के 94, भिकियासैंण के 92 और सल्ट के 100 पद शामिल हैं। इसके अलावा ताकुला विकासखंड में ग्राम प्रधान तथा भिकियासैंण विकासखंड में क्षेत्र पंचायत सदस्य का एक-एक पद रिक्त है। नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतगणना और परिणाम घोषणा की कार्रवाई संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर होगी। उपचुनाव के मद्देनजर संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अंशुल सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड द्वारा 25 सितंबर को उपचुनाव की अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई थी। यह मतगणना समाप्ति तक उन ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों के संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी, जहां उपचुनाव कराया जा रहा है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *