Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस पर रामगढ़ रेंज में वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित




रामगढ़/नैनीताल


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भूमि संरक्षण वन प्रभाग नैनीताल की रामगढ़ रेंज द्वारा वन विश्राम भवन कैंची परिसर में भव्य पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी रामगढ़ रेंज के नेतृत्व में समस्त वन स्टाफ, ग्राम प्रधान, सरपंच, फायर वाचर, स्थानीय ग्रामीणों एवं बाहर से आए पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें वन विश्राम भवन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने हेतु एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण बचाने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं प्रकृति संरक्षण के नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। प्रतिभागियों ने पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

तत्पश्चात वन क्षेत्राधिकारी रामगढ़ रेंज द्वारा एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, वन संपदा के महत्व एवं वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधान एवं सरपंचों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए ग्रामीण स्तर पर अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना की।

कार्यक्रम में पर्यटक, वनकर्मी, फायर वाचर, ग्राम प्रधान, सरपंच एवं रामगढ़ रेंज के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्रकृति के संरक्षण हेतु सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।