Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ताड़ीखेत क्षेत्र पंचायत बैठक में पेयजल, राशन और सड़कों पर गरजे जनप्रतिनिधि, आंदोलन की चेतावनी

Spread the love


अल्मोड़ा। ताड़ीखेत विकासखंड सभागार में शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्र पंचायत बैठक में पेयजल, राशन, सड़क, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत समस्याएं प्रमुखता से छाईं रहीं। बैठक में शामिल क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे। कई मुद्दों पर हंगामे जैसी स्थिति बनी और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में मुख्य अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी मौजूद रहीं। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभात सिंह नेगी ने पापड़ा क्षेत्र में पिछले तीन माह से राशन वितरण प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। वहीं कई सदस्यों ने जल संस्थान पर पेयजल आपूर्ति में लापरवाही के आरोप लगाए। कड़ाकोट के क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन रावत ने जल संस्थान के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधि पेयजल शुल्क का भुगतान नहीं करेंगे। बैठक में महेंद्र सिंह फर्त्याल ने विधायक निधि से निर्मित सड़क को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने का मामला उठाया, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने नियमानुसार स्थिति स्पष्ट की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य रचना रावत ने जिला स्तरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए इसे जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा बताया। बिल्लेख क्षेत्र में पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की तैनाती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। परियोजना अधिकारी के.एन. तिवाड़ी ने बताया कि बैठक में प्राप्त कई शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों की जांच और निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर कार्रवाई कर जनप्रतिनिधियों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने कहा कि पेयजल, शिक्षा और खाद्य आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई करने को कहा गया है। बैठक में जिला पंचायत सदस्य हिमांशु कुमार, ज्येष्ठ उप प्रमुख सोनी भगत, कनिष्ठ उप प्रमुख जीवन चंद्र, विमला रावत सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *