Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

स्वतंत्रता दिवस से पहले नगर के सभी वार्डों में चला वृहद स्वच्छता अभियान

Spread the love


अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को नगर निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर आयोजित अभियान में जिला स्तरीय अधिकारियों, नगर निगम पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण मित्रों ने संयुक्त रूप से विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के तहत सड़कों, गलियों, नालियों, बाजारों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की गई। इसके साथ ही लोगों को गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण तथा प्लास्टिक मुक्त स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का संदेश ‘हमारा अल्मोड़ा, हमारी जिम्मेदारी, स्वच्छ अल्मोड़ा, स्वस्थ अल्मोड़ा, विकसित अल्मोड़ा’ रहा। हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, विधायक मनोज तिवारी और मेयर अजय वर्मा ने भी श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो अल्मोड़ा को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की। अभियान में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, रवि रौतेला, विनीत बिष्ट, हरीश कनवाल सहित जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *