Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने वाले सात छात्र गिरफ्तार, संस्थान से निष्कासन की संस्तुति

Spread the love

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिधौली में दो पक्षों के बीच सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग करने के मामले में दून पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सभी आरोपी प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र पाए गए हैं। पुलिस ने संस्थान को रिपोर्ट भेजकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और निष्कासन की संस्तुति भी की है।

पुलिस के अनुसार छह सितंबर को बिधौली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे से भिड़े हुए थे, जिससे राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।

पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माने और दोबारा मारपीट शुरू कर दी। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात युवकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि सभी आरोपी प्रेमनगर क्षेत्र के एक निजी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं। इसके बाद पुलिस ने संबंधित संस्थान को घटना की जानकारी देते हुए सभी छात्रों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई तथा निष्कासन के लिए रिपोर्ट भेज दी।

गिरफ्तार युवकों की पहचान आर्यन पाटनी (21), अभय कोहली (21), नैथन (21), कृष उपाध्याय (20), युग नागर (21), अर्पित तोमर (19) और कवि अत्री (20) के रूप में हुई है। सभी प्रेमनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी बिधौली जैनेंद्र सिंह राणा, कांस्टेबल जसबीर कंडारी, कांस्टेबल श्रीकांत मलिक और कांस्टेबल जगजोत शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।