Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

धंसती सड़क पर 10 हजार की आबादी का सफर, हादसे का खतरा

Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)। डोबरी-होरावाला मोटर मार्ग की बदहाली अब 12 से अधिक गांवों की करीब 10 हजार की आबादी के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मार्ग जगह-जगह धंसने और सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से कई स्थानों पर इसकी चौड़ाई कम हो गई है। इससे वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। खासकर रात के समय संकरे और क्षतिग्रस्त मार्ग से गुजरना ग्रामीणों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। ग्रामीणों ने मार्ग की स्थिति को देखते हुए कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले एक साल से सड़क के सुधारीकरण की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।बारिश के बाद मार्ग के कई हिस्सों में सड़क और अधिक धंस गई है। कई हिस्सों में दो वाहनों के आमने-सामने आने पर एक वाहन को किनारे रुकने की जगह तक नहीं मिलती। ग्रामीण अरविंद सोलंकी, इंतखाब आलम, आकाश आजाद, प्रीति रावत और नरेश रावत ने बताया कि डोबरी-होरावाला मार्ग आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही, बाजार, अस्पताल, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए इसी मार्ग पर निर्भरता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल आवाजाही करने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रज्जाक ने बताया कि डोबरी-होरावाला मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए दैवीय आपदा मद में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद मार्ग के सुधारीकरण की कार्रवाई की जाएगी।