Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बच्चों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले तो निखर सकती है उनकी क्षमता: हेमा गैड़ा

Spread the love


अल्मोड़ा। ग्राम सुनाड़ी स्थित चित्रा एकेडमी में गुरुवार को हस्तकला एवं विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अल्मोड़ा की अध्यक्ष हेमा गैड़ा रहीं, जबकि अध्यक्षता अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोपाल सिंह महरा ने की। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिकाओं हेमा सेन और किरन जोशी ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय परिसर पहुंचने पर प्रधानाचार्य रेनू धानक, प्रबंधन समिति, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मुख्य अतिथि का फूल-मालाओं से स्वागत किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार हस्तनिर्मित कलाकृतियों और विज्ञान मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने मिट्टी, कागज, लकड़ी, बेकार सामग्री और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। विज्ञान मॉडलों में भी बच्चों की सृजनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण देखने को मिला। मुख्य अतिथि हेमा गैड़ा ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से उनके मॉडलों और कलाकृतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की। इस दौरान छोटे बच्चों ने लोकनृत्य, पहाड़ी गीत, देशभक्ति गीत, कविता पाठ और नाटक प्रस्तुत किए। मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया गया।
   अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक सोच को भी विकसित करती हैं। इस अवसर पर हेमा गैड़ा ने विद्यालय के विकास के लिए 2.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। प्रधानाचार्य और प्रबंधन समिति ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट कलाकृतियां और विज्ञान मॉडल तैयार करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अंत में विद्यालय के संरक्षक पान सिंह धानक ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *