अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मेयर अजय वर्मा के साथ गुरुवार को नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर के पार्किंग स्थलों का पुनः निरीक्षण करते हुए पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की तथा सफाई, पार्किंग प्रबंधन और खाली पड़े स्थानों के सदुपयोग को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पूर्व निरीक्षण के दौरान पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में मिली गंदगी और खाली पड़े स्थानों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में उपलब्ध खाली स्थानों का सकारात्मक और उपयोगी कार्यों में सदुपयोग करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही पूर्व में दिए गए सफाई संबंधी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी जहां खाली जगहों में गंदगी या अव्यवस्था है, उसे तत्काल दूर किया जाए। पार्किंग स्थलों की सफाई, रखरखाव और प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद जिलाधिकारी ने मेयर अजय वर्मा और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के साथ थपलिया क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में अतिरिक्त पार्किंग स्थल और ऑडिटोरियम के निर्माण की संभावनाओं को लेकर विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ संभावित स्थलों की उपयुक्तता पर चर्चा करते हुए आवश्यक संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अल्मोड़ा नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए नगर निगम और संबंधित विभागों की ओर से निरंतर आवश्यक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर में यातायात और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि भविष्य की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें। भ्रमण के दौरान पार्षद कैलाश गुरुरानी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नगर की पार्किंग व्यवस्था सुधारने में जुटा प्रशासन, खाली स्थानों के सदुपयोग की बनेगी योजना











Leave a Reply