Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

आपदा मद से भाजपा कार्यालय के विकास कार्य को धनराशि स्वीकृत करने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Spread the love

अल्मोड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने जिला प्रशासन द्वारा आपदा राहत मद से भाजपा कार्यालय के निर्माण कार्यों के लिए धन स्वीकृत किए जाने पर गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे आपदा राहत धन का दुरुपयोग करार देते हुए आरोप लगाया कि जिला प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है और आम जनता के हितों की अनदेखी कर रहा है। भोज ने कहा कि बीते वर्ष की बारिश में अल्मोड़ा जिले को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था। कई ग्रामीण सड़कों के साथ-साथ आम लोगों के घरों की दीवारें और आंगन तक टूट गए थे। अनेक गांवों में रास्ते पूरी तरह ध्वस्त हो गए और कई विभागों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। उन्होंने बताया कि आपदा कंट्रोल केंद्र में सैकड़ों लोगों ने नुकसान की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन जिला प्रशासन ने पीड़ितों की कोई मदद नहीं की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भोज ने सवाल उठाया कि जिन लोगों को आज तक राहत नहीं मिली, उनकी उपेक्षा कर प्रशासन ने एक राजनीतिक दल जिसके पास देशभर में करोड़ों रुपये के कार्यालय हैं और जो सबसे अधिक चंदा प्राप्त करने वाली पार्टी है, उसके कार्यालय के लिए आपदा राहत कोष से लाखों रुपये स्वीकृत कर दिए। उन्होंने इसे न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बताया, बल्कि जनता के साथ धोखा और आपदा राहत दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन भी करार दिया। भूपेंद्र सिंह भोज ने इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए प्रशासन से जवाबदेही तय करने की बात कही है।