Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के प्रशिक्षण का समापन


अल्मोड़ा। जनपद में ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत नगर के एक होटल में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। यह प्रशिक्षण मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा गठित तथा ग्रामोत्थान (रीप) द्वारा अंगीकृत क्लस्टरों में नवनियुक्त कार्मिकों के लिए आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण के दूसरे दिन मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कार्मिक निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा दें। साथ ही समूह आधारित कार्यों को सुदृढ़ कर महिला स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने और सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्वरोजगार के अवसरों की पहचान, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार तथा बाजार से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन के तरीकों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्राम विकास विभाग के अधिकारी, जिला स्तरीय परियोजना कार्मिक, विभिन्न विकासखंडों के प्रतिनिधि तथा सेल्स और यंग प्रोफेशनल्स सहित करीब 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अंत में जिला परियोजना प्रबंधक ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण के सफल आयोजन में सहयोग करने वालों की सराहना की।