Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

साइबर अपराध, नशे और नए कानूनों पर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

Spread the love

अल्मोड़ा। जनपद में नशा मुक्ति और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भतरौजखान पुलिस ने एक विशेष जनसंवाद गोष्ठी का आयोजन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को हुई इस गोष्ठी का संचालन भतरौजखान थाना प्रभारी सुशील कुमार की अगुवाई में किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि कस्टमर केयर फ्रॉड, गूगल फ्रॉड, एनीडेस्क एप फ्रॉड, क्यूआर स्कैन ठगी, नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी, ओएलएक्स और सोशल मीडिया के माध्यम से की जाने वाली ठगी, डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, फर्जी केवाईसी अपडेट, डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी, ऑनलाइन लोन फ्रॉड और साइबर बुलिंग जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिनसे सावधान रहने की आवश्यकता है। गोष्ठी में हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी साइबर ठगी की घटना होने पर त्वरित सूचना देने से नुकसान को रोका जा सकता है। साथ ही डायल 112 सेवा, महिला व बाल अपराध से संबंधित कानूनों, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और यातायात नियमों की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में सचेत किया गया और उन्हें इससे दूर रहने की प्रेरणा दी गई।