Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

गढ़वाल विवि के छात्र-छात्राओं ने सीखे टेलीस्कोप बनाने के गुर

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)।   हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के खगोल भौतिकी तारामंडल एवं भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा यूकॉस्ट देहरादून के सहयोग से दो दिवसीय खगोलीय टेलीस्कोप निर्माण कार्यशाला का गुरुवार को समापन हुआ। कार्यशाला में 65 छात्रों और संकाय सदस्यों ने भाग लेते हुए टेलीस्कोप निर्माण एवं खगोलीय अवलोकन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. एम.एम.एस. रौथान और सलाहकार, रूसा, उत्तराखंड सरकार डॉ. के.डी. पुरोहित ने किया। कार्यशाला की शुरुआत खगोल भौतिकी के परिचयात्मक व्याख्यान से हुई, जिसमें टेलीस्कोप की संरचना, घटकों और उनके अनुप्रयोगों पर चर्चा की गई। इसके बाद डॉ. आशीष रतूड़ी ने खगोलीय टेलीस्कोप पर एक विस्तृत व्याख्यान दिया। कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण हाथों-हाथ टेलीस्कोप निर्माण, कोलिमेशन और एलाइनमेंट सत्र रहा, जिसका संचालन तुषार पुरोहित और एम. मेटे (आईयूसीएए, पुणे) द्वारा किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं टेलीस्कोप बनाने और उसे सुचारू रूप से कार्य करने के लिए समायोजित करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। कार्यशाला का समापन इंटरएक्टिव चर्चा सत्र और स्काई वॉचिंग कार्यक्रम के साथ हुआ, जहां प्रतिभागियों ने रात के आकाश में विभिन्न खगोलीय पिंडों का अवलोकन कर अपने सीखे हुए ज्ञान को व्यवहार में लागू किया।
निदेशक, आरडीसी प्रो. हेमवती नंदन पांडेय ने बताया कि यह कार्यशाला सिद्धांत और प्रयोगात्मक ज्ञान का उत्कृष्ट समावेश थी, जिससे प्रतिभागियों को खगोलीय अवलोकन और टेलीस्कोप प्रौद्योगिकी की गहरी समझ प्राप्त हुई। छात्रों और शिक्षकों के लिए यह कार्यशाला खगोल भौतिकी और अवलोकनात्मक खगोल विज्ञान में आगे की खोज के लिए प्रेरणादायक रही। मौके पर प्रो. राम साहू,प्रो. टी.सी. उपाध्याय, डॉ. पूनम मियां, डॉ. शुभ्रा काला, डॉ. आलोक सागर गौतम, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. संजय कुमार उपाध्याय और अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।