अल्मोड़ा। जनपद में जन-जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद कर रही है और उनकी समस्याएं सुन रही है। इसी क्रम में सोमवार को थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक ने ग्राम सभा सांगड़ साहू में जागरूकता चौपाल आयोजित की। चौपाल के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की पुलिस से संबंधित समस्याएं, शिकायतें और सुझाव गंभीरता से सुने गए तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल अरेस्टिंग जैसे नए साइबर अपराधों, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने और नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा पुलिस के साथ सहयोग करने के महत्व पर भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर पहाड़ों में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई। ग्रामीणों ने भी “नशा मतलब नाश” का संदेश देते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। साथ ही नशे से संबंधित किसी भी गोपनीय सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को एलपीजी गैस सिलेंडर का अनावश्यक भंडारण न करने, गैस से जुड़े संभावित धोखाधड़ी से सतर्क रहने, बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराने और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर डायल 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई।
ग्रामीणों के साथ संवाद कर पुलिस ने सुनी जनसमस्याएं, दी जानकारी



