Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जौनसार के कल सिंह बिष्ट बने भारत सरकार में प्रधान महानिदेशक

Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)।
जौनसार-बावर क्षेत्र के खत अठगांव के दिलऊ गांव निवासी वरिष्ठ भारतीय सांख्यिकी सेवा अधिकारी कल सिंह बिष्ट को भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय में भारतीय सांख्यिकी सेवा के सर्वोच्च एपेक्स स्तर-17 पर प्रधान महानिदेशक पद पर पदोन्नत किया गया है। इस पद पर उनकी नियुक्ति पहली बार होने से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।बताया जा रहा है कि बिष्ट की पदोन्नति को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति से मंजूरी मिल चुकी है। उल्लेखनीय है कि वह मंत्रालय में इस सर्वोच्च पद पर नियुक्त होने वाले पहले प्रधान महानिदेशक बने हैं, जो उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और उत्कृष्ट सेवाओं का परिणाम माना जा रहा है। ग्राम दिलऊ, खत अठगांव (चंदोऊ) निवासी कल सिंह बिष्ट ने वर्ष 1993 बैच के भारतीय सांख्यिकी सेवा अधिकारी के रूप में अपने प्रशासनिक जीवन की शुरुआत की थी। करीब तीन दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी कार्यकुशलता, दूरदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। कल सिंह बिष्ट की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से उनके पैतृक गांव दिलऊ सहित पूरे जौनसार-बावर और उत्तराखंड में हर्ष का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम, लगन और ईमानदारी के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।