Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

इंस्टाग्राम रील बनी सबूत, चोरी का हार पहनने वाली नौकरानी गिरफ्तार

देहरादून। इंस्टाग्राम पर चोरी के आभूषण पहनकर रील बनाना एक नौकरानी को भारी पड़ गया। राजपुर थाना पुलिस ने करीब एक वर्ष पहले फ्लैट से लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के गहने बरामद किए हैं।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सिक्का किमाया ग्रींस, आईटी पार्क निवासी नितीशा वत्स ने एक जुलाई को राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। उस समय घर में काम करने वाली नौकरानी विमला पर संदेह हुआ था, लेकिन उसके इनकार और जांच में सहयोग के आश्वासन के बाद मामला दर्ज नहीं कराया गया। बाद में विमला ने काम छोड़ दिया।

हाल ही में नितीशा ने इंस्टाग्राम पर विमला की रील देखी, जिसमें वह हीरे का वही हार और अन्य आभूषण पहने दिखाई दी, जो उनके घर से चोरी हुए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जोहड़ी रोड क्षेत्र से 34 वर्षीय विमला, पत्नी रंजीत, मूल निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) और वर्तमान निवासी बापू नगर, जाखन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घर के लॉकर में महंगे गहने देखकर उसकी नीयत बदल गई थी। चोरी के बाद उसने गहने बेचने की कोशिश की, लेकिन खरीदार नहीं मिला। मामला शांत होने का अंदाजा लगने पर वह शौक के लिए उन्हें पहनने लगी और उनकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले के सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट और उनकी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Please follow and like us:
Pin Share